खरगोन। जिले की एकीकृत हायर सेकेंडरी स्कूल कुकडोल का स्कूल परिसर हरियाली से हर किसी को अपनी ओर आकर्षित करती है। यह ग्राम पंचायत द्वारा रोजगार गारंटी योजना एवं शिक्षकों द्वारा विगत वर्षों में लगाए गए कई पौधे अब पेड़ बन चुके हैं। परिसर में छोटे-बड़े करीब 400 से अधिक पेड़ पौधे हैं जिनकी हरियाली से आच्छादित यहां का दृश्य बड़ा ही मनोरम एवं मनमोहक लगता है। नीम, करंज, गुड़हल, गुलमोहर, पलास, विलायती इमली, पीपल, कनेर, त्रिवेणी, मेहंदी, सहित अन्य फूलदार एवं फलदार पेड़ पौधे आंखों को सुकून देते हैं।
यहां के पर्यावरण प्रेमी शिक्षक प्रभुराम मालवीया,राहुल पांचाल, रामकृष्ण अन्य शिक्षक शिक्षिकाओं द्वारा पेड़ पौधों की देखभाल एवं सुरक्षा की जाती है। शिक्षक मालवीया एवं पांचाल के प्रयासों से पेड़ पौधों के तनों को कलर करवा दिया है जिससे उनकी सुंदरता में चार चांद लग गए हैं। सरपंच परसराम वास्कले ने बताया कि यहां रोजगार गारंटी योजना के तहत पौधारोपण किया था जिन्हें पंचायत द्वारा कड़ी मेहनत से सिंचाई करके बड़ा किया है।
विशेष बात यह है कि इस स्कूल परिसर के चारों तरफ बाउंड्री वॉल बनी होने के कारण पौधे अब पेड़ों का रूप धारण कर रहे हैं। यहां शाम होते ही बच्चों की टोलियां क्रिकेट खेलने का आनंद लेती है। ग्राम पंचायत द्वारा अमृत बाल वाटिका का निर्माण भी किया गया है, जिसमें झूले लगे है, बाल वाटिका के आसपास लगे पेड़ पौधे से इस वाटिका की सुंदरता देखते ही बनती है। खास बात यह है कि स्कूल परिसर में हर वर्ष पौधारोपण किया जाता है जिसकी देखभाल के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं करती है।