खरगोन। जिला मुख्यालय से करीब 60 किमी दूर स्थित ग्राम सिरवेल में लगने वाले साप्ताहिक हाट बाजार का स्थान परिवर्तन किया गया है। प्रशासनिक स्तर पर लिए गए इस निर्णय के विरोध में मंगलवार को व्यापारी खुलकर सामने आए। मंगलवार को सैंकड़ों की संख्या में व्यापारी कलेक्ट्रेट पहुंचे।
यहां ज्ञापन सौंपते हुए पूर्व से निर्धारित जगह या फिर शासकीय खुले मैदान में बाजार लगाने की अनुमति देने की मांग की है। व्यापारी रविंद्र पाटील, कमल कर्मा, खालीद, विरेंद्र जैन आदि ने बताया कि ग्राम में बुधवार को साप्ताहिक हाट लगता है, परिवर्तन के लिए जो जगह आवंटित की गई है वहां जगह छोटी होकर रास्ता संकरा एवं खेतीहर किसानों की आवाजाही का मार्ग है। हमारी मांग है कि यदि जगह परिवर्तन करना है तो महादेव मेला मैदान पर हाट बाजार परिवर्तत किया जाए, यहां मुख्यमंत्री हाट बाजार के शेड पूर्व से निर्मित है, जहां अधिक सुविधाएं जुटाने की आवश्यकता भी नही होगी।