शाजापुर। खेड़ा पिन्दोनिया गांव के किसानों ने बुधवार को एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। किसानों का आरोप है कि 1997-98 में हुए बंदोबस्त में बड़े पैमाने पर हेराफेरी की गई।
तत्कालीन पटवारी और राजस्व विभाग की टीम ने कुछ लोगों से मिलकर नक्शों में फेरबदल किया। इससे कई किसानों की जमीन का स्थान बदल गया। पट्टे की जमीन में भी बंदोबस्त के कारण स्थान परिवर्तन हुआ।
गांव में इस कारण रोजाना विवाद की स्थिति बन रही है। जिस जमीन पर वर्षों से किसान काबिज थे, उन्हें अब दूसरे स्थान पर जमीन बताई जा रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम पटेल ने राजस्व विभाग से मिलकर यह हेराफेरी कराई।
कुछ लोगों ने शासकीय जमीन को भी अपने नाम करा लिया। इस मामले में शाजापुर एसडीएम मनीषा वस्कले ने कहा कि ग्रामवासियों की शिकायत मिली है। जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।