मंदसौर। देश और विदेश में कोविड-19 मामलों में एक बार फिर बढ़ोतरी के संकेतों के बीच, मंदसौर जिले में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की तैयारियों का जायजा लेने के लिए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. गोविंद सिंह चौहान तथा सिविल सर्जन डॉ. बी. एल. रावत ने मंगलवार को जिला अस्पताल का आकस्मिक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कोविड-19 के संभावित मरीजों के लिए बनाए गए दो विशेष वार्डों की व्यवस्था का अवलोकन किया और संतोष व्यक्त किया। डॉ. चौहान ने निर्देश दिए कि अस्पताल में ऑक्सीजन, आवश्यक जीवनरक्षक दवाइयों एवं अन्य चिकित्सकीय उपकरणों की समुचित उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने चिकित्सकों एवं नर्सिंग स्टाफ को सतर्क रहने के निर्देश देते हुए कहा कि कोविड-19 के संदिग्ध मामलों की शीघ्र पहचान और प्रभावी उपचार अत्यंत आवश्यक है। डॉ. चौहान ने यह भी कहा कि सभी स्वास्थ्यकर्मी कोविड प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन करें तथा आमजन को भी सतर्क रहने और कोविड उपयुक्त व्यवहार अपनाने हेतु निरंतर जागरूक करें।
निरीक्षण के अंत में डॉ. चौहान और डॉ. रावत ने विश्वास जताया कि जिले की स्वास्थ्य टीमें पूरी तरह सतर्क हैं तथा किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए सक्षम एवं तैयार हैं।