उज्जैन। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की परिकल्पना अनुसार प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी गंगा दशहरा पर्व पर रामघाट पर क्षिप्रा तीर्थ परिक्रमा यात्रा का शुभारंभ कार्यक्रम आयोजित किया गया।
प्रभारी मंत्री गौतम टेटवाल के द्वारा ध्वज फहराकर क्षिप्रा तीर्थ परिक्रमा यात्रा का शुभारंभ किया गया। उन्होंने इस अवसर पर कहा कि विगत 18 वर्षों से क्षिप्रा तीर्थ परिक्रमा यात्रा का आयोजन मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। यात्रा के पीछे उद्देश्य क्षिप्रा नदी के जल को प्रदूषण से मुक्त करने, इसका जल सदा प्रवाहमान करने, साथ ही पर्यावरण को प्रदूषण मुक्त रखने और हमारे जल स्रोतों का संरक्षण करने के लिए जागरुकता संदेश भी देना है। प्रभारी मंत्री ने उज्जैन के निवासियों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर यात्रा को सफल बनाएं।
उल्लेखनीय है कि दो दिवसीय क्षिप्रा तीर्थ परिक्रमा यात्रा के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। विभिन्न स्थानों पर मंच बनाए गए हैं, जहां पर यात्रा का स्वागत किया जाएगा। मंत्री टेटवाल ने अपनी ओर से सभी यात्रियों को शुभकामनाएं दीं।