उज्जैन। जिले के पंवासा थाना क्षेत्र स्थित पुलिस ट्रेनिंग स्कूल (पीटीएस) में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब अचानक मधुमक्खियों ने परिसर में मौजूद पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया। इस हमले में एक अधिकारी की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य पुलिस जवान घायल हो गए हैं।
घटना बुधवार दोपहर की बताई जा रही है, जब पुलिस ट्रेनिंग स्कूल के परिसर में स्थित एक पेड़ पर बने मधुमक्खी के छत्ते से अचानक भारी संख्या में मधुमक्खियां निकलकर वहां मौजूद पुलिसकर्मियों पर टूट पड़ीं। मधुमक्खियों के इस अचानक और हिंसक हमले से मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई, जवान जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
घटना की जानकारी देते हुए पुलिस ट्रेनिंग स्कूल की अधीक्षक अंजना तिवारी ने बताया कि मधुमक्खियों का यह हमला परिसर में बने एक पेड़ पर लगे छत्ते से हुआ। इस हमले में पांच पुलिस जवान घायल हुए हैं, जबकि एक वरिष्ठ अधिकारी की स्थिति अत्यधिक गंभीर हो गई थी।
घायलों को तत्काल जिला अस्पताल लाया गया, जहां उपचार कर रहे चिकित्सक डॉ. गगन सिंह परिहार ने बताया कि “हमारे पास मधुमक्खी के काटने से घायल छह मरीज आए थे। जिनमें कैलाश चौहान, निरीक्षक दिनेश पटेल, बलराम चडार,राधेश्याम गोयल और एएसआई अखिलेश सूर्यवंश शामिल है वही रमेश कुमार धुर्वे को बचाया नहीं जा सका। जबकि पांच अन्य घायलों की स्थिति स्थिर है और उनका उपचार जारी है।
मृतक रमेश कुमार धुर्वे पुलिस ट्रेनिंग स्कूल में निरीक्षक (टीआई) के पद पर पदस्थ थे। मधुमक्खियों के डंक से उनकी स्थिति अत्यधिक गंभीर हो गई थी, जिसके चलते इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।