चित्तौड़गढ़। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर एवं महेन्द्र सिंह सिसोदिया अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (जिला एवं सेशन न्यायाधीश), चित्तौड़गढ़ के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश सुनील कुमार गोयल द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर सीताफल उत्कृष्टता केंद्र चित्तौड़गढ़ में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। सचिव गोयल ने उपस्थित जन को पर्यावरण संरक्षण का महत्व समझाते हुए बताया कि इस दिवस को मनाने का उद्देश्य वातावरण की स्थितियों पर ध्यान केंद्रित करने और हमारे ग्रह पृथ्वी के सुरक्षित भविष्य को सुनिश्चित करना है। सचिव गोयल ने बताया कि आधुनिकता भरे इस युग में बढ़ते हुए प्रदूषण ने न केवल पर्यावरण को क्षति पहुँचायी है बल्कि मानव जीवन को भी कई प्रकार से प्रभावित किया है। बढ़ते हुए प्लास्टिक उपयोग से पर्यावरण प्रदूषण में भी वृद्धि हुई है। अतः हम सबका यह कर्तव्य है कि प्लास्टिक का कम से कम उपयोग करें तथा प्राकृतिक संसाधनों का उचित मात्रा में दोहन करें। सचिव गोयल ने केन्द्र के परिसर में पाँच पौधे लगाए एवं उपस्थित जन को भी अधिक से अधिक संख्या में पौधारोपण हेतु प्रेरित किया। इस दौरान पैनल अधिवक्ता भारती गहलोत, अधिवक्ता संदीप सेठिया एवं उद्यानिकी विभाग से उपनिदेशक शंकरलाल जाट, सहायक निदेशक जोगेन्द्र सिंह, कृषि अधिकारी विमल सिंह राजपूत, सहायक कृषि अधिकारी दिनेश चन्द्र जंवर, कोषाधिकारी दिग्विजय सिंह झाला एवं अन्य कर्मचारी गण उपस्थित रहे।