नीमच। श्री सीताराम जाजू शासकीय कन्या महाविद्यालय में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आज "एंड प्लास्टिक पॉल्यूशन" की थीम के साथ एक पर्यावरण जागरूकता पखवाड़ा आयोजित किया गया। एनसीसी, एनएसएस और इको क्लब के संयुक्त तत्वावधान में हुए इस आयोजन का मुख्य लक्ष्य छात्राओं और समाज में पर्यावरण संरक्षण की अलख जगाना था।पखवाड़े का आगाज़ छात्राओं द्वारा पर्यावरण जागरूकता संकल्प पत्र भरकर हुआ। इसके बाद, प्लास्टिक प्रदूषण उन्मूलन पर केंद्रित व्याख्यान, रचनात्मक पोस्टर और स्लोगन प्रतियोगिताएं, और एक ऑनलाइन पर्यावरण जागरूकता क्विज जैसी गतिविधियां हुईं, जिनमें छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एन. के. डबकरा ने छात्राओं को पर्यावरण संरक्षण का महत्व समझाते हुए कहा कि पर्यावरण हमारे जीवन का आधार है और इसके संरक्षण के लिए छोटे-छोटे कदम, जैसे वृक्षारोपण और जल संचयन, बहुत ज़रूरी हैं। डॉ. डबकरा ने सभी को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई और महाविद्यालय परिसर में पौधारोपण कर हरियाली बढ़ाने का संकल्प लिया गया।कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं में पर्यावरण के प्रति ज़िम्मेदारी की भावना विकसित करना और जनसामान्य को पर्यावरण संरक्षण का संदेश देना था। एनसीसी प्रभारी डॉ. हिना हरित, एनएसएस प्रभारी डॉ. प्रियंका ढलवानी और इको क्लब प्रभारी अंकिता दीक्षित के मार्गदर्शन में कार्यक्रम का आयोजन हुआ।