मुरैना। अपनी जगह किसी दूसरे साल्वर को बैठाकर पुलिस आरक्षक भर्ती परीक्षा पास करने वाले चार और आरोपी पकड़े गए हैं। इन पर कोतवाली थाने में धोखाधड़ी की धाराओं में केस दर्ज किया है।
पकड़े गए फर्जी आरक्षकों की पहचान ग्वालियर के पनिहार निवासी विनोद सिंह गुर्जर, श्योपुर जिले के विजयपुर थाना क्षेत्र के मैदावली गांव निवासी बदन सिंह, भिंड के गोरमी निवासी अंकुश सिंह और उत्तर प्रदेश की इटावा तहसील के चकरनगर गांव निवासी अंकित सिंह के तौर पर हुई है। इन चारों ने अपनी जगह दूसरे साल्वर को बैठाकर पुलिस आरक्षक भर्ती परीक्षा पास की है। साल्वर बैठाने के लिए चारों आरोपियों ने अपन आधार कार्ड को अपडेट कराकर उसके साल्वर के फोटो और फिंगर प्रिंट दर्ज करवाए। भर्ती परीक्षा के बाद आधार कार्ड को फिर अपडेट कराकर साल्वर के फोटो व फिंगर प्रिंट हटाकर खुद का फोटो व फिंगर अपडेट करवा दिया। गौरतलब है, कि इससे पहले भी पांचवी वाहिनी में श्योपुर जिले के विजयपुर थाना क्षेत्र के खितर पाल गांव के हरिओम रावत को भी पुलिस भर्ती में फर्जीवाड़ा करने के आरोप में केस दर्ज कर जेल भेजा जा चुका है। जिला पुलिस में भर्ती होने आए दो आरक्षक राधारमण गुर्जर व दिनेश गुर्जर भी फर्जीवाड़े में पकड़े गए हैैं। यानी अब तक सात फर्जी आरक्षक पकड़े जा चुके हैं। पांचवी वाहिनी को कुल 106 नव आरक्षकों का कोटा मिला था, जिसमें से 77 ज्वाइन हो चुके हैं। पांच पर फर्जीवाड़े का केस हो चुका है, 29 अभी तक ज्वाइनिंग देने नहीं आए। इसी तरह मुरैना जिला पुलिस को कुल 38 नव आरक्षक मिले हैं, इनमें से दो फर्जीवाड़े से भर्ती परीक्षा पास करने के आरोप में पकड़े जा चुक हैं। 32 ज्वाइनिंग दे चुके हैं, तीन ऐसे हैं जो ज्वाइनिंग देने नहीं आए। पुलिस अफसरों का कहना है, कि इन तीन की किसी अन्य विभाग में नौकरी लग गई है
वही कमल मौर्य डिप्टी कमांडेंट मुरैनाने बताया की वर्ष 2023 के आरक्षक भर्ती परीक्षा के तहत 106 आरक्षक पांचवीं बटालियन के लिए आवंटित हुए। जिसमें से अभी तक 77 आरक्षकों ने आमद दी थी। पीएक्यू के निर्देश है कि मेडिकल और दस्तावेज परीक्षण करना था। चूंकि बटालियन ने समिति का गठन किया था। जिनमें पांच आरक्षकों ने अपने आधार कार्ड में विभिन्न समय में अपडेशन कराया था। पहले एक पकड़ा। कल चार आरक्षक पकड़े गए हैं। जिन पर अपराध दर्ज कराया गया है।
वही दीपाली चंदोलिया सीएसपी मुरैना बताया कि पुलिस आरक्षक भर्ती परीक्षा हुई थी, उसमें से अभी तक कोतवाली सात परीक्षार्थियों पर प्रकरण दर्ज किए गए हैं। जिनमें पांच पांचवी वाहिनी की तरफ से और दो पुलिस लाइन की ओर से प्रकरण दर्ज कराए हैं। इन्होंने अपने आधार कार्ड में बार बार अपडेशन कराया है। कमेटी ने जांच में इन्हें संदेही पाए गए। अभी तीन आरोपित गिरफ्तार है। बाकी के लिए दबिश दी जा रही है। हम बड़े रेकेट का खुलासा करेंगें। जो भी शामिल होगा उसे पकड़ा जाएगा।