भोपाल। आज निर्जला एकादशी के पावन अवसर पर प्लेटिनम प्लाजा स्थित मां वैष्णो धाम आदर्श नवदुर्गा मंदिर एवं बाबा खाटू श्याम मंदिर में विशेष आयोजन होगा। यहां बाबा खाटू श्याम का भव्य आम बगीचा सजाया जा रहा है, जिसमें 251 किलो आम बाबा को भोग स्वरूप अर्पित किए जाएंगे।
मंदिर समिति के अनुसार, हर वर्ष निर्जला एकादशी को ष्आम खानी एकादशीष् के रूप में भी मनाया जाता है। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस बार बाबा का आमों से श्रृंगार किया जा रहा है। मंदिर परिसर को आम के बगीचे की थीम पर सजाया जाएगा। विभिन्न प्रजातियों के आमों से मंडप, तोरण और आभूषण तैयार किए गए हैं, जो श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र रहेंगे। भोग के उपरांत सभी भक्तों को आम का प्रसाद वितरित किया जाएगा। आयोजकों ने शहरवासियों से इस आयोजन में भाग लेकर बाबा का आशीर्वाद पाने की अपील की है।
क्या है निर्जला एकादशी का महत्व
हिंदू पंचांग के अनुसार, गंगा दशहरा के बाद आने वाली एकादशी को निर्जला एकादशी कहा जाता है। यह वर्ष की सबसे कठिन और पुण्यदायिनी एकादशी मानी जाती है, जिसमें भक्त बिना जल ग्रहण किए व्रत रखते हैं। कहा जाता है कि इस दिन व्रत और दान का फल साल भर की सभी एकादशियों के बराबर होता है। आज के दिन भोपाल सहित देशभर के श्याम मंदिरों में विशेष आयोजन हो रहे हैं। प्लेटिनम प्लाजा का यह आम बगीचा आयोजन शहर में पहली बार इस रूप में हो रहा है, जो श्याम प्रेमियों के बीच खास आकर्षण बना हुआ है।