नीमच। शहर के महू रोड-शहाबुद्दीन बाबा दरगाह रोड स्थित आंजना इंक्लेव से आज प्रशासन और नगर पालिका द्वारा संयुक्त कार्रवाई कर अतिक्रमण हटाया गया। जिला प्रशासन को रहवासियों के द्वारा जनसुनवाई में लगातार शिकायत प्राप्त हो रही थी कि आंजना इंक्लेव द्वारा मुख्य मार्ग स्थित शासकीय नाले पर अतिक्रमण किया गया है। यहां प्रीकास्ट और खंभे खड़े कर दिए गए थे। जिसे लेकर नगर पालिका और टाउन और कंट्री प्लानिंग द्वारा संयुक्त प्रतिवेदन तैयार किया गया था। आज प्रशासन और नगरपालिका का अमला मय दल-बल के जेसीबी लेकर अतिक्रमण हटाने मौके पर पहुंचा। पुलिस भी मौके पर मौजूद रही। कार्रवाई के दौरान तहसीलदार संजय मालवीय, प्रभारी सीएमओ जमुना लाल पाटीदार, थाना प्रभारी पुष्पा सिंह चौहान और नगर पालिका के अधिकारी कर्मचारी भी उपस्थित रहे। समाचार लिखे जाने तक अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जारी है। तहसीलदार संजय मालवीय ने कहा कि संबंधित को विभाग द्वारा नोटिस जारी किए गए थे। इसके बाद आज कारवाई को अंजाम दिया जा रहा है।