खरगोन। जिले के बड़वाह थानाक्षेत्र के ग्राम बनिहार में 2 मई से लापता युवक का मामला शुक्रवार को मुख्यालय पहुंच गया। युवक 2 मई को ट्रक से महाराष्ट्र गया था। यहां परिजनों ने लापता युवक के साथ अनहोनी की आशंका जताते हुए एएसपी से युवक को जल्द तलाशने की मांग की।
एएसपी शकुंतला रूहल से मुलाकात कर परिजनों ने आरोप लगाया कि गांव के ही ट्रक चालक अजय ओर सावन नाम के युवक सुनील सिटोले को बतौर हेल्पर मजदूरी पर ले गए थे। ट्रक चालक ओर क्लीनर तो लौट आये लेकिन सुनील नही लौटा। परिजनों ने चिंता जताते हुए कहा कि बेटे के सम्बंध में ट्रक चालक ओर सहयोगी से पूछताछ करने पर उन्होंने सुनील को रास्ते मे उतार देने की बात कही है। लापता युवक की मां ने रुंद गले से बताया कि बेटा एक माह से अधिक समय से लौटा नही है। वह परिवार में मुखिया था, मजदूरी कर दो बच्चो, पत्नी और मेरा भरण पोषण करता था, उसके नही लौटने से पूरा परिवार चिंतित ओर आशंकित है। एएसपी ने परिवार को ढांढस बंधाते हुए युवक की तलाश का भरोसा दिया है।