धनेरियाकलां। ग्राम धनेरिया कला में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। हर गली-मोहल्ले में इनकी संख्या में तेजी से वृद्धि हुई है, जिससे आमजन सहित स्कूली बच्चे भी दहशत में हैं।
कुत्तों द्वारा राह चलते लोगों पर झपटना, दुपहिया वाहन चालकों को गिरा देना अब आम बात हो गई है। हाल ही में एक गाय के बछड़े को भी कुत्तों ने हमला कर मौत के घाट उतार दिया, जिससे ग्रामीणों में भय का माहौल है।
विद्यालय जाने वाले छोटे-छोटे बच्चों पर भी कुत्तों के हमले की आशंका बनी रहती है। सावन मास प्रारंभ होने के साथ ही महिलाएं, पुरुष व बच्चे मंदिरों में पूजा-पाठ के लिए निकलते हैं, लेकिन हर किसी के मन में डर समाया हुआ है कि कहीं रास्ते में आवारा कुत्तों का शिकार न बन जाएं।
सबसे अधिक आतंक मुख्य बाजार क्षेत्र में सुबह-शाम के समय देखने को मिलता है, जब बड़ी संख्या में कुत्ते गलियों और दुकानों के आस-पास मंडराते रहते हैं।
ग्राम पंचायत द्वारा अब तक इस समस्या के समाधान हेतु कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। पूरा गांव कुत्तों के इस बढ़ते खतरे से परेशान है और प्रशासन से शीघ्र कार्यवाही की मांग कर रहा है।