नयागांव। 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नगर परिषद नयागांव में देशभक्ति और हर्षाेल्लास के साथ स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किया गया। इससे पहले नगर परिषद परिसर से शासकीय एवं अर्द्धशासकीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने हाथों में तिरंगा लेकर भव्य प्रभातफेरी निकाली। डीजे पर देशभक्ति के गीत गूंज रहे थे और विद्यार्थी भारत माता की जय के जयकारे लगाते हुए नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरे।
प्रभातफेरी में नगर के जनप्रतिनिधि भी विद्यार्थियों के साथ कदम से कदम मिलाकर चलते नजर आए। नगरवासियों ने जगह-जगह प्रभातफेरी का स्वागत किया और कई स्थानों पर विद्यार्थियों पर पुष्पवर्षा कर उनका उत्साहवर्धन किया। राष्ट्रीय पर्व पर निकली इस प्रभातफेरी को लेकर नगरवासियों में भी खासा उत्साह देखने को मिला।
इसके बाद नगर परिषद परिसर में मुख्य समारोह आयोजित किया गया। नगर परिषद अध्यक्ष मुकेश जाट ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान हुआ और सभी ने तिरंगे को सलामी दी। इसके बाद मां सरस्वती का विधिवत पूजन-अर्चन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
समारोह में मुख्यमंत्री मोहन यादव के संदेश का लाइव प्रसारण किया गया। उपस्थित जनप्रतिनिधियों, नागरिकों और नगर परिषद के अधिकारी-कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री का संदेश ध्यानपूर्वक सुना। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए प्रदेश के विकास और जनकल्याण से जुड़े विषयों पर संदेश दिया।
कार्यक्रम में नगर परिषद उपाध्यक्ष हरीश धाकड़, पार्षद मदन माली, चांदमल मेघवाल, प्रशांत पुरोहित, लीलाबाई भील, वरिष्ठ पार्षद अभय जैन, शक्तिसिंह, विजय गायरी और शंकरलाल मीणा, सांसद प्रतिनिधि सुरेश धाकड़, पार्षद प्रतिनिधि पवन बैरागी, विनोद धनगर, जितेंद्र पांडे, अजय जायसवाल एवं छगनसिंह गाड़ीलोहर सहित अनेक जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
इसके अलावा अनिल चौधरी, चंद्रकला धाकड़, शंभूलाल धाकड़ और गोपाल सोनी सहित नगर के अनेक नागरिकों ने समारोह में सहभागिता की। नगर के विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं स्टाफ, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता तथा नगर परिषद के अधिकारी-कर्मचारी भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में नगरपालिका अधिकारी संजय राठौर सहित नगर परिषद के अधिकारी-कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। समारोह के दौरान लोगों में देशभक्ति का उत्साह देखने को मिला। सभी ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और प्रगति के लिए संकल्प लिया।