मऊगंज। नईगढ़ी अंचल में अवैध शराब का कारोबार खुलेआम चल रहा है। लाइसेंसी शराब दुकानों से कार्टून और बोरियों में भरकर शराब को गांवों में भेजा जा रहा है। इस पूरे खेल की थाना और चौकी स्तर पर जानकारी होने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही।
रेट से अधिक वसूली और विवाद
दुकानों में रेट लिस्ट नहीं लगी होती और प्रिंट रेट से 10 से 20 रुपए ज्यादा वसूले जाते हैं। इससे ग्राहक और दुकानदारों में रोजाना विवाद होते हैं, लेकिन आबकारी विभाग केवल औपचारिकता निभा रहा है।
बाजार में भीड़ और ट्रैफिक जाम
शाम होते ही नईगढ़ी बाजार की शराब दुकान पर भारी भीड़ लग जाती है। वहां वाहन दोनों ओर खड़े कर दिए जाते हैं, जिससे मुख्य मार्ग पर जाम और दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
मऊगंज कलेक्टर संजय कुमार जैन ने कहा कि जहां तक रेट की बात है, हमने सभी दुकानों में स्कैनर लगाने और रेट सूची प्रदर्शित करने के निर्देश दिए थे। जानकारी मिली है कि यह कार्य किया गया है, लेकिन अगर कहीं स्कैनर हटाए गए हैं तो उस पर निश्चित रूप से कार्रवाई की जाएगी।
जहां तक अवैध पैकारी का प्रश्न है, उस पर लगातार छापेमारी कराई जा रही है। अगर हमें कहीं से भी इस संबंध में कोई जानकारी मिलती है, तो उस पर तत्काल कार्रवाई की जाती है। यदि आपके संज्ञान में भी कोई ऐसा मामला आया हो, तो जरूर बताएं। जिले में नशा मुक्ति और नशाखोरी के खिलाफ लगातार अभियान चल रहा है, और इस तरह की गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
रीवा आईजी गौरव राजपूत ने कहा कि पिछले महीने हमने समस्त थाना प्रभारियों और चौकी प्रभारियों को निर्देशित किया था कि एक दिन विशेष रूप से अवैध रूप से बिक्री की जा रही शराब पर कार्रवाई करें। उसी अभियान के तहत एक दिन में 23 लाख रुपए की शराब जब्त की गई थी।
पैकारी के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई है। अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है और विभिन्न स्तरों पर नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध भी कार्रवाई की जा रही है। भविष्य में भी यह कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।