कुकड़ेश्वर। प्रधानमंत्री श्री शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कुकड़ेश्वर में मंगलवार को बालक संदीपनी हायर सेकेंडरी स्कूल एवं पीएम श्री कन्या स्कूल के संयुक्त तत्वावधान में निशुल्क साइकिल वितरण कार्यक्रम का भव्य आयोजन संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक अनिरुद्ध माधव मारू रहे, जिन्होंने छात्र-छात्राओं को अपने करकमलों से साइकिल वितरित की।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की पूजा और कन्या पूजन से हुआ, जिसे विधायक मारू ने विधिवत सम्पन्न किया। यह पहल विशेष रूप से दूर-दराज़ क्षेत्रों से आने वाले विद्यार्थियों के लिए उपयोगी सिद्ध होगी, जिससे उनके विद्यालय आने-जाने में सुविधा होगी और उनकी शिक्षा में निरंतरता बनी रहेगी।
अपने संबोधन में विधायक मारू ने विद्यार्थियों को शिक्षा के प्रति सजग रहने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राएं मोबाइल का सीमित उपयोग करें, अपने माता-पिता की सेवा करें और अपने जीवन में लक्ष्य निर्धारण कर ईमानदारी, मेहनत और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ें। उन्होंने विशेष रूप से बालिकाओं से पढ़ाई में अग्रसर होने का आग्रह किया।
विधायक मारू ने विद्यालय भवन के जर्जर कक्षों को शीघ्र ध्वस्त कर उनके स्थान पर नवीन भवन निर्माण की घोषणा भी की, जिससे विद्यार्थियों को बेहतर और सुरक्षित शिक्षण वातावरण मिल सकेगा।
कार्यक्रम में विद्यालय स्टाफ, शिक्षकगण, बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, अभिभावक एवं स्थानीय पत्रकारगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का प्रभावी संचालन विनोद मालवीय ने किया। जबकि आभार प्रदर्शन ललित मालवीय एवं दिलीप ग्वाला द्वारा किया गया।
इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों के आत्मबल, अनुशासन एवं शिक्षा के प्रति समर्पण को प्रोत्साहित करने में मील का पत्थर साबित होते हैं। विधायक मारू की जनकल्याणकारी सोच एवं प्रयासों से क्षेत्र की शैक्षणिक दिशा व दशा में सकारात्मक परिवर्तन की अपेक्षा की जा रही है।