सीहोर। पवित्र श्रावण माह के दौरान सीहोर जिले के प्रसिद्ध कुबेरेश्वर धाम में श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है। रोजाना सुबह से देर रात तक भक्तों का आना-जाना जारी रहता है। धाम में श्रद्धालु विशेष पूजा-अर्चना कर रहे हैं।
समिति के सदस्यों ने बताया कि कांवड़ यात्रियों की भारी भीड़ दूर-दूर से भगवान शिव के दर्शन और जलाभिषेक के लिए पहुंच रही है। धाम परिसर श्हर हर महादेवश् के जयघोषों से गुंजायमान है और चारों ओर शिवभक्ति का अलौकिक वातावरण छाया हुआ है।सदस्यों ने बताया कि श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या से स्पष्ट है कि कुबेरेश्वर धाम श्रावण माह में शिवभक्तों के लिए एक प्रमुख आध्यात्मिक केंद्र बन गया है।
मंगलवार सुबह पांच बजे से ही भगवान शिव का विशेष अभिषेक प्रारंभ हुआ। छत्तीसगढ़ से शिवपुराण कथा कर लौटे प्रसिद्ध कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा के मार्गदर्शन में सुबह 10 बजे बाबा की पूजा-अर्चना की गई।इस अवसर पर मंदिर में आए लगभग 40 हजार श्रद्धालुओं को 10 क्विंटल से अधिक फलाहारी प्रसाद का वितरण किया गया। श्रद्धालुओं में आस्था और समर्पण की भावना देखी गई। मंदिर प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जा रहा है।