रतलाम। जिले के जावरा स्थित अम्बेडकर मांगलिक भवन में साइबर धोखाधड़ी एवं डिजिटल साक्षरता पर आधारित एक विशेष जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का आयोजन अरूणोदय सर्वेश्वरी लोक कल्याण समिति द्वारा आइशर फाउंडेशन के सहयोग से किया गया। इस अवसर पर फाउंडेशन के सीएसआर हेड तनवीर जावेद, थाना पिपलोदा से सब इंस्पेक्टर एवं साइबर विभाग से इंद्रपाल सिंह राठौर, संस्था के सचिव शैलेन्द्र व्यास और सचिन वर्मा मंच पर उपस्थित रहे। साइबर विशेषज्ञ इंद्रपाल सिंह राठौर ने कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को बताया कि आजकल ठग डिजिटल माध्यम से बेहद चालाकी से लोगों की मेहनत की कमाई पर निशाना साधते हैं। उन्होंने ओटीपी शेयर न करने, फर्जी लिंक से बचने और सोशल मीडिया की सावधानी जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर उदाहरणों सहित समझाया। वहीं, तनवीर जावेद ने मोबाइल और ऑनलाइन ट्रांजेक्शन से जुड़ी धोखाधड़ी की घटनाएं साझा करते हुए बताया कि थोड़ी सी जागरूकता आपको बड़ी हानि से बचा सकती है। संस्था के सचिव शैलेन्द्र व्यास ने भी खतरों की विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम में संस्था के ट्रेनर आई. एच. मन्सुरी ने ’वित्तीय साक्षरता’ पर जानकारी दी। अंत में उपस्थित नागरिकों का रजिस्ट्रेशन किया गया और उन्हें एक सर्तकता किट भी दी गई, जिसमें साइबर जागरूकता पेम्फलेट, बजट डायरी और पेन शामिल थे।