बालाघाट। राष्ट्रीय किसान संघ ने मंगलवार को कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। किसानों ने नकली खाद और बीज की जांच कराने की मांग की।
साथ ही डीएसआर पद्धति से खेती करने वाले किसानों को प्रोत्साहन राशि देने की मांग रखी। किसान संघ ने कहा कि जिले में नकली खाद-बीज के मामलों की जांच की स्थिति से किसानों को अवगत कराया जाए।
किसानों को यह जानकारी नहीं है कि वे जो खाद और बीज खरीद रहे हैं, वह असली है या नकली। संघ ने मांग की कि प्रशासन इसकी जांच करे। इससे किसानों को विश्वसनीय विक्रेताओं की जानकारी मिल सकेगी।
संघ ने पंजाब और हरियाणा की तरह डीएसआर पद्धति से खेती करने वाले किसानों को 5 हजार रुपए प्रति एकड़ प्रोत्साहन राशि देने की मांग की। इससे पर्यावरण को फायदा होगा और खेती का खर्च भी कम होगा।
संघ संयोजक ईश्वरीप्रसाद बिसेन ने कहा कि सरकार चुनाव से पहले किए गए वादे पूरे नहीं कर पाई है। उन्होंने बताया कि केंद्र की टरफा योजना के तहत दलहन फसलों पर मिलने वाली करोड़ों की सब्सिडी अभी तक किसानों को नहीं मिली है।