नीमच। शहर में महिला स्वयं सहायता समूह संघ ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर मिड-डे मील और आंगनवाड़ी पोषण योजनाओं से जुड़ी समस्याओं को उठाया है। सैकड़ो की संख्या में पहुंची महिलाओं ने आज कलेक्टर कार्यालय पर एसडीएम संजीव साहू को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन दिया। ज्ञापन में मुख्य रूप से रसोइया बहनों के बकाया मानदेय और पिछले तीन माह से बकाया राशि को लेकर आवाज उठाई गई है। पांच सुत्रीय ज्ञापन में नियमित भुगतान, नौकरी की सुरक्षा और बीमा जैसी मांगें प्रमुख रूप से शामिल हैं।
संघ ने खाद्यान्न और धनराशि का 100 प्रतिशत आवंटन, स्वयं सहायता समूहों के अनुबंधों की सुरक्षा, आंगनवाड़ी रसोइयों का सम्मानजनक मानदेय, और झूठे बर्तनों की सफाई के लिए सहायक नियुक्त करने की भी मांग की है।इसके साथ ही शहरी क्षेत्रों में मैकेनाइज्ड केंद्रीकृत किचनों और एनजीओ आधारित ठेका प्रथा का विरोध करते हुए, महिला समूहों को प्राथमिकता देने की अपील की गई है। संघ ने इस पर शीघ्र निर्णय लेकर हजारों महिला कार्यकर्ताओं को राहत देने का आग्रह किया है।