नीमच। जिले के एक व्यक्ति घनश्याम ने अपनी बेटी ममता की जावद के खोर में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत पर गंभीर सवाल उठाते हुए। कलेक्टर को पत्र दिया है। पिता का आरोप है कि उसकी बेटी को उसके ससुराल वालों ने दहेज के लिए प्रताड़ित किया और फिर सुनियोजित तरीके से उसकी हत्या कर दी। बेटी ममता के पिता घनश्याम ने दावा किया है कि ससुराल वालों ने बताया कि ममता की मौत टैंक में गिरने से हुई, लेकिन जब उसे अस्पताल लाया गया तो उसके कपड़े सूखे थे और शरीर पर कोई चोट के निशान नहीं थे, जो सामान्यतः डूबने या गिरने से आते हैं। उनका यह भी कहना है कि उनकी बेटी को तैरना आता था।शिकायत में यह भी बताया गया है कि पुलिस ने उनकी बात को अनसुना कर दिया और मामले को एक आकस्मिक दुर्घटना के रूप में दर्ज कर लिया, जिससे पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं। पिता ने मामले की गहन जांच और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।