नीमच। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के मार्गदर्शन में जिले में शासकीय जमीनों के संरक्षण एवं अवैध कब्जों को हटाने के लिए राजस्व विभाग द्वारा चलाया जा रहा अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में मंगलवार को तहसील रतनगढ़ की ग्राम चडोल स्थित शासकीय भूमि से करीब 0.33 हेक्टेयर क्षेत्रफल को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।
तहसीलदार बीएल डाबी ने जानकारी देते हुए बताया कि यह कार्रवाई अनुविभागीय अधिकारी राजस्व जावद प्रीति संघवी के निर्देशन में की गई। ग्राम चडोल की सर्वे नंबर 151, रकबा 25.290 हेक्टेयर भूमि के पहाड़ मद की लगभग 0.33 हेक्टेयर भूमि पर अनावेदक जगदीश पिता कुका और सुंदरलाल पिता शोराम, निवासी चडोल द्वारा अवैध रूप से बाड़ा बनाकर कब्जा किया गया था।
राजस्व टीम और ग्राम पंचायत लुहारिया जाट के संयुक्त सहयोग से मौके पर पहुंचकर अवैध बाड़े को हटाया गया और भूमि को अतिक्रमण मुक्त किया गया। इस ज़मीन की अनुमानित बाजार कीमत करीब 10 लाख रुपये आंकी गई है।
तहसील प्रशासन ने स्पष्ट किया कि शासकीय भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी ऐसी कार्रवाइयां निरंतर जारी रहेंगी।