मनासा। मध्यप्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ की जिला इकाई नीमच द्वारा प्रदेश अध्यक्ष शलभ भदौरिया के निर्देश पर 15 जुलाई को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को मुरैना महाअधिवेशन में पत्रकारों से संबंधित 6 सूत्रीय मांगों पर दिए गए आश्वासन की याद दिलाने हेतु पोस्टकार्ड अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य मुख्यमंत्री को वादों के शीघ्र क्रियान्वयन की याद दिलाना है।
इसी कड़ी में जिलाध्यक्ष प्रदीप जैन ने जिलेभर का दौरा करते हुए पत्रकार साथियों से संवाद किया और उन्हें मुख्यमंत्री के नाम पोस्टकार्ड लिखवाए। उन्होंने रतनगढ़, डीकेन, रामपुरा, कुकड़ेश्वर, मनासा, जीरन, नीमच, जावद, मोरवन, दड़ौली सहित अन्य ग्रामों में पत्रकारों से संपर्क कर अभियान की जानकारी दी और उन्हें इस प्रयास में भागीदारी के लिए प्रेरित किया।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 26 मार्च को मुरैना में आयोजित महाधिवेशन में पत्रकारों की प्रमुख 6 मांगों-
पत्रकार सुरक्षा कानून, मालवीय नगर भोपाल में पत्रकार भवन को पुनः प्रदान करना, श्रद्धा निधि योजना से अधिमान्यता की शर्त हटाना, जिला मुख्यालयों पर पत्रकार भवन हेतु भूमि उपलब्ध कराना, टोल नाकों पर श्रमजीवी पत्रकार संघ के कार्ड पर रियायत, पत्रकार बीमा योजना को उत्तर प्रदेश की तर्ज पर निशुल्क करना, पर शीघ्र कार्यवाही का आश्वासन दिया था। लेकिन तीन माह बीत जाने के बाद भी मांगों पर कोई ठोस पहल नहीं हुई, जिससे पत्रकारों में नाराजगी है।
मनासा में आयोजित कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष प्रदीप जैन व तहसील अध्यक्ष हेमंत शर्मा की उपस्थिति में पत्रकार साथियों ने पोस्टकार्ड लिखकर उन्हें सौंपे। इस अवसर पर डॉ. बबलू चौधरी, डॉ. कुशल चौधरी, सलीम मंसूरी, मंगल गोस्वामी, प्रभुलाल सिहार, मुकेश शर्मा, नमन यति, मंगल कुशवाह, मदनदास बैरागी, अनिल कुशवाह, राहुल बैरागी सहित अनेक पत्रकार साथी मौजूद रहे।
जिलाध्यक्ष के दौरे में मुकेश माहेश्वरी, कौशल व्यास, मोइनुद्दीन मंसूरी, अशोक व्यास भी साथ रहे। पत्रकार संघ के इस व्यापक अभियान का उद्देश्य मुख्यमंत्री को उनकी घोषणाओं की याद दिलाकर उन्हें शीघ्र लागू करवाना है।