नीमच। “नशे से दूरी है जरूरी” इसी संकल्प के साथ नीमच पुलिस ने मंगलवार को कनावटी स्थित मॉडल हायर सेकेंडरी स्कूल में एक प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया। इसका उद्देश्य युवा पीढ़ी को नशे की लत से बचाना और उन्हें सकारात्मक एवं उज्ज्वल भविष्य की ओर अग्रसर करना था। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवल सिंह सिसोदिया, आरआई विक्रम सिंह भदौरिया, एवं ब्रह्माकुमारी संस्था की श्रुति बहन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इन सभी ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
ब्रह्माकुमारी श्रुति बहन ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा “किसी भी प्रकार का नशा केवल आपका वर्तमान और भविष्य ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को खोखला कर देता है। इससे दूर रहना ही सच्ची जागरूकता और आत्मबल का प्रतीक है।” छात्र-छात्राओं ने कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लिया और नशा मुक्त जीवन जीने की शपथ ली। उन्होंने संकल्प लिया कि स्वयं तो नशे से दूर रहेंगे ही, साथ ही दूसरों को भी इसके खिलाफ जागरूक करेंगे।
यह आयोजन पुलिस मुख्यालय, भोपाल के निर्देशानुसार 15 से 30 जुलाई तक चल रहे नशा मुक्ति जन-जागरूकता अभियान का हिस्सा है। अभियान के अंतर्गत जिले भर में रैलियाँ, सेमिनार, निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिताएँ आयोजित की जा रही हैं। नीमच पुलिस और सामाजिक संगठनों का यह संयुक्त प्रयास युवाओं में जागरूकता का वातावरण निर्माण कर रहा है।