नीमच। शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय रामपुरा में आरोग्य भारती नीमच का औषधीय पौधरोपण कार्यक्रम हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान धन्वंतरि की प्रतिमा के समक्ष पारस जैन, गर्ग टीना गेहलोत एवं प्रभारी प्राचार्य डॉ. एन. के. डबकरा द्वारा दीप प्रज्जवलन एवं माल्यार्पण कर हुआ। पारस जैन(कलकत्ता वाले) नीमच नगर अध्यक्ष आरोग्य भारती द्वारा विद्यार्थियों को प्रेरक उद्बोधन दिया गया। आपने बताया कि विद्यार्थियों को दृढ़ आत्मविश्वास के साथ प्रत्येक स्थिति का सामना करते हुए जीवन को सफल बनाना चाहिए, चाहे नौकरी करे या कोई भी व्यवसाय करे राष्ट्र हित को ध्यान में रखते हुए जिम्मेदार नागरिक बन कार्य करे। विकट परिस्थिति आने पर विचलित न हो। महापुरुषों के जीवन से प्रेरणा लेकर अपना सर्वांगीण विकास करे। अपने माता पिता गुरुजन एवं राष्ट्र की जनता के प्रति सदैव समर्पित रहे। पर्यावरण संरक्षण में भागीदार बने। नीमच जिला औषधीय पौधों की बहुतायत वाला क्षेत्र है, औषधीय पौधों का रोपण कर औषधि निर्माण प्रकिया अपनाकर जनता के आरोग्य लाभ हेतु कार्य करे। उक्त अवसर पर गर्ग टीना गेहलोत ने भी अपने विचार प्रस्तुत किए, आपने छात्राओं को स्वरोजगार के विविध प्रकल्पों की जानकारी दी। राष्ट्र के विकास में महिलाओं की भागीदारी एवं संघर्ष के विविध उदाहरण प्रस्तुत कर विद्यार्थियों को श्रेष्ठ नागरिक बनने तथा स्वावलंबी होने का संदेश दिया। प्रभारी प्राचार्य डॉ.एन.के . डबकरा ने विद्यार्थियों को महाविद्यालय विकास में पौधारोपण करने तथा पढ़ाई के साथ ही विविध गतिविधियों में भाग लेने का प्रेरक संदेश दिया।
तत्पश्चात सभी ने विद्यार्थियों एवं स्टॉफ के साथ मिलकर विद्यावन अंतर्गत आरोग्य वाटिका मे वृहद पौधारोपण किया जिसमें अमलतास ,पीपल, सहजन, करंज, मीठा नीम, बहेड़ा आदि लगभग 25 प्रजाति के औषधीय पौधों का वृहद संख्या में रोपण किया। कार्यक्रम का संचालन प्रो. आशीष कुमार सोनी सचिव आरोग्य भारती जिला नीमच ने किया एवं आभार डॉ. प्रेरणा ठाकरे ने माना। उक्त अवसर पर डॉ. हेमकांत तुगनावत, प्रो. जाकिर हुसैन बोहरा, डॉ. मुक्ता दुबे, मनोहर लाल धाकड़ सहित सम्पूर्ण स्टॉफ, विद्यार्थी, रासेयो स्वयंसेवक उपस्थित रहे। जैन सोशल ग्रुप क्लासिक के सदस्यों अशोक अग्रवाल, सुरेन्द्र डूंगरवाल, सुशील नागौरी, सुलोचना जैन, शशि नागौरी आदि की पौधारोपण कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता रही।