नीमच। जिले के ग्राम धनेरिया कला के शासकीय स्कूल का भवन पूरी तरह जर्जर हो चुका है। परिसर के पाँच कमरे खंडहर में तब्दील हैं, छतों पर पेड़ उग आए हैं और दीवारें गिरने की कगार पर हैं। बरसात में यहां बाहरी लोग शरण लेते हैं, जिससे जान-माल को खतरा है। वॉइस ऑफ एमपी ने इस खबर को प्रमुखता से प्रकाशित था। इस खबर के प्रकाशन के बाद शिक्षा विभाग व स्थानीय प्रशासन हरकत में आया और संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंचे और वर्तमान स्थिति का जायजा लिया।
ये अधिकारी व जनप्रतिनिधि पहुंचे मौके पर-
जसवंत सिंह कनिक (जन शिक्षा विभाग, बघाना), योगेश कडारा (बीआरसी, नीमच), फतेह सिंह राणावत (इंजीनियर, जिला शिक्षा केंद्र, नीमच), राजेश राठौर (सरपंच, धनेरिया), दीपक नागदा (पूर्व मंडल अध्यक्ष), हरीश अहीर (जनपद सदस्य प्रतिनिधि), प्रेम सिंह चुंडावत (पंचायत सचिव), गजेंद्र सिंह (सहसचिव), रामकिशन नायक (पंचायत कोटवार)।

जर्जर भवन बना खतरा
खास बात यह है कि इसी भवन के सामने आंगनवाड़ी केंद्र और पंचायत भवन भी स्थित हैं, लेकिन अब तक किसी भी स्तर पर ठोस कार्रवाई नहीं की गई थी। ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचे अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों से इस भवन को गिराने या जल्द ही इसकी मरम्मत कर सुरक्षित बनाने की मांग की है, ताकि बच्चों व ग्रामीणों की जान को कोई खतरा न रहे।