छतरपुर। जिले के बकस्वाहा में एक सरकारी कार्यक्रम के दौरान उस समय अजीबोगरीब स्थिति बन गई, जब बड़ा मलहरा की कांग्रेस विधायक रामसिया भारती ने मंच से ही कलेक्टर पार्थ जैसवाल की क्लास लगा दी। विधायक ने सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में प्रशासन द्वारा बरती जा रही लापरवाही को लेकर जनता से ही सीधे सवाल पूछकर जवाब दिलवा दिया।
दरअसल, कार्यक्रम में माइक हाथ में आते ही विधायक रामसिया भारती ने सीधे जनता से पूछा, ष्क्या आप लोग पटवारी, ग्राम सचिव, तहसील के बाबूओं और डॉक्टरों के काम से संतुष्ट हैं?ष् इसके जवाब में जनता ने एक सुर में नहीं कहा।
विधायक के इन पोल खोलते सवालों से कलेक्टर पार्थ जैसवाल और जिला पंचायत अध्यक्ष के बेटे असहज हो गए और विधायक को इशारा कर रोकने की कोशिश करते रहे। लेकिन विधायक नहीं रुकीं और प्रशासन की धज्जियां उड़ाते हुए साफ कह दिया कि सरकार की योजनाएं तो ठीक हैं, लेकिन कलेक्टर की अगुवाई में सरकारी मशीनरी सही तरह से काम नहीं कर रही।
विधायक द्वारा उठाए गए इन तीखे सवालों पर कलेक्टर ने कोई सीधा जवाब नहीं दिया, लेकिन इतना जरूर कहा कि शिकायतें मिली हैं, उन्हें ठीक किया जाएगा।