कुकड़ेश्वर। नगर के पीएम श्री कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में बुधवार को नशा मुक्ति जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराना और उन्हें इस सामाजिक बुराई से दूर रहने की प्रेरणा देना था।
इस अवसर पर हाल ही में कुकड़ेश्वर थाने के नए थाना प्रभारी बने टीआई भीम सिंह सिसोदिया ने छात्राओं को नशामुक्त जीवन जीने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि ष्नशे से दूरी है जरूरीष्कृयह सिर्फ एक नारा नहीं, बल्कि हर युवा को आत्मसात करने योग्य जीवन मंत्र है। उन्होंने छात्राओं से अपील की कि वे स्वयं तो नशे से दूर रहें ही, साथ ही समाज को भी इसके प्रति जागरूक करें।
कार्यक्रम में पत्रकार राजेन्द्र पटेल ने भी बालिकाओं को संबोधित करते हुए नशे से होने वाले मानसिक, शारीरिक और सामाजिक नुकसानों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि छात्राएं ही आने वाले समाज की दिशा तय करती हैं, इसलिए उनका जागरूक होना अत्यंत आवश्यक है।
विद्यालय के प्राचार्य ललित मालवीय राठौर सर एवं समस्त शाला स्टाफ की उपस्थिति में यह आयोजन सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। इस दौरान थाना प्रभारी भीम सिंह सिसोदिया के साथ महिला पुलिसकर्मी कविता, आरक्षक लोकेश, एवं पत्रकार दशरथ नागदा भी विशेष रूप से मौजूद रहे। विद्यालय परिसर में हुए इस प्रभावशाली कार्यक्रम ने छात्राओं के मन में नशामुक्त समाज की दिशा में योगदान देने की प्रेरणा जागृत की।