डिंडोरी। गुरुवार को अतिथि शिक्षक संघ ने जनजातीय कार्य विभाग के नवनियुक्त सहायक आयुक्त राजेंद्र कुमार जाटव से मुलाकात की। शिक्षकों ने रिक्त पदों पर भर्ती की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा।
जिला अध्यक्ष इमरान मालिक ने बताया कि अतिथि शिक्षक पिछले 15-16 वर्षों से स्कूलों में अस्थाई रूप से अध्यापन कार्य कर रहे हैं। अतिशेष, स्थानांतरण और पदोन्नति के कारण कई अतिथि शिक्षक बाहर हो गए हैं। इससे उनके सामने रोजी-रोटी का संकट उत्पन्न हो गया है।
शिक्षक संघ ने मांग की है कि प्राथमिक, माध्यमिक और हायर सेकेंडरी स्कूलों में विषयवार रिक्त पदों की जानकारी मंगाई जाए। अनुभवी अतिथि शिक्षकों को इन पदों पर नियुक्त किया जाए। उन्होंने बताया कि अन्य विकासखंडों में भर्तियां की जा रही हैं, लेकिन डिंडोरी विकासखंड में इस पर रोक लगा दी गई है।
सहायक आयुक्त जाटव ने बताया कि वे आज ही पदभार ग्रहण कर रहे हैं। वे पूरे जिले की स्थिति का जायजा ले रहे हैं। उन्होंने एक सप्ताह में रिक्त पदों की जानकारी एकत्र कर भर्ती प्रक्रिया शुरू करने का आश्वासन दिया। इस दौरान जगमोहन तिवारी, चंद किशोर हरदहा, हरिश खान, वीरेंद्र दुबे और ज्ञानचंद हरदहा भी उपस्थित रहे।