नीमच। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार जिले में 15 से 30 जुलाई तक “नशे से दूरी है जरूरी” अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का शुभारंभ कलेक्टर हिमांशु चंद्रा व पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल ने किया।
17 जुलाई को अभियान के तीसरे दिन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवलसिंह सिसौदिया ने उत्कृष्ट विद्यालय नीमच कैंट में छात्रों को नशे से होने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी दी और उन्हें नशा न करने की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में लघु फिल्म प्रदर्शन, पंपलेट, पोस्टर वितरण भी किया गया।
इस अवसर पर नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान, महिला प्रकोष्ठ डीएसपी निकिता सिंह, रक्षित निरीक्षक विक्रमसिंह भदौरिया व अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के कुल 10 स्कूलों व कॉलेजों में भी इसी प्रकार के जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें सैकड़ों छात्र-छात्राओं को नशामुक्त जीवन के लिए प्रेरित किया गया। नीमच पुलिस ने आमजन से अपील की है कि इस अभियान में सहभागी बनकर समाज को नशामुक्त बनाने में सहयोग करें।