मुरैना। जिले में लगातार हो रही मूसलधार बारिश के कारण कुंवारी नदी उफान पर है। कैलारस क्षेत्र के अहरौली रपटा पर पानी भरने के बावजूद ग्रामीण जान जोखिम में डालकर नदी पार करने को मजबूर हैं। पानी का बहाव तेज होने से रपटा पूरी तरह डूब गया है और फिसलन के चलते खतरा और बढ़ गया है।
प्रशासन की चेतावनी के बावजूद लोग आवश्यक कार्यों के लिए नदी पार करने की कोशिश कर रहे हैं, जिससे किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है। पानी के कारण एक दर्जन से अधिक गांवों का संपर्क मुख्य मार्गों से कट गया है, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोग प्रशासन से वैकल्पिक व्यवस्था की मांग कर रहे हैं, जबकि राहत एवं बचाव दल की तैनाती की अब तक कोई जानकारी सामने नहीं आई है।