भोपाल/नीमच। महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया की उपस्थिति में जवाहर बाल भवन, भोपाल में मुख्यमंत्री बाल खेल एवं सांस्कृतिक महोत्सव 2025 का भव्य समापन समारोह संपन्न हुआ। इस अवसर पर मंत्री भूरिया ने कहा बच्चों को समय-समय पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच मिलना चाहिए। यह मंच केवल प्रतिस्पर्धा का नहीं, बल्कि उनके आत्मविश्वास, रचनात्मकता और नेतृत्व क्षमता के विकास का अवसर होता है।
उन्होंने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले बच्चों के उत्साह और आत्मविश्वास की सराहना करते हुए कहा कि यह आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक प्रेरणादायी पहल है। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा इस अभिनव प्रयास के लिए प्रशंसा व्यक्त की और बच्चों को सीखने, आनंद लेने एवं एक-दूसरे से प्रेरणा लेने हेतु प्रोत्साहित किया।
उल्लेखनीय है कि इस महोत्सव के अंतर्गत 20 जून से 20 जुलाई 2025 तक प्रदेशभर के बालगृहों में विभिन्न खेल और सांस्कृतिक प्रतियोगिताएँ आयोजित की गईं। जिला एवं संभाग स्तर पर आयोजित इन प्रतियोगिताओं में 6 से 18 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों ने हिस्सा लिया। कुल 40 विधाओं में 286 प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
भोपाल एवं नर्मदापुरम संभाग के आठ बालगृहों से आए बच्चों के बीच लॉन्ग जंप, 100 मीटर दौड़, शतरंज, खो-खो, कबड्डी, कैरम जैसी खेल स्पर्धाओं के साथ-साथ विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ भी आयोजित की गईं। संभागीय विजेताओं को अब राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए चयनित किया गया है।
समारोह के अंत में मंत्री भूरिया ने विभिन्न स्पर्धाओं में विजयी प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार प्रदान किए। इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग की उप सचिव माधवी नागेंद्र, विभागीय अधिकारी, कर्मचारीगण एवं बड़ी संख्या में बच्चे उपस्थित रहे।