नीमच। हरदा में एक साल पुराने हीरा खरीद धोखाधड़ी मामले को लेकर करणी सेना परिवार ने आज नीमच कलेक्टर कार्यालय पर एक ज्ञापन सौंपा। इसमें धोखाधड़ी पीड़ितों पर पुलिस लाठीचार्ज और करणी सेना परिवार के अध्यक्ष जीवन सिंह शेरपुर पर कथित जानलेवा हमले की न्यायिक जांच की मांग की गई है।ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि पुलिस ने आरोपियों को छोड़ दिया, जबकि पीड़ितों को गिरफ्तार कर लाठीचार्ज किया। इसके बाद, जब जीवन सिंह शेरपुर को बातचीत के लिए बुलाया गया, तो उन पर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। करणी सेना ने पुलिस पर राजपूत छात्रावास में घुसकर महिलाओं और बच्चों के साथ धक्का-मुक्की करने का भी आरोप लगाया है।करणी सेना ने इस घटना को ष्व्यक्तिगत विवादष् बताने वाले प्रशासन के दावों को खारिज करते हुए कई मांगें रखीं। इनमें जांच पूरी होने तक हरदा के पुलिस अधीक्षक, कलेक्टर और संबंधित थाना प्रभारी को हटाने, जीवन सिंह शेरपुर पर हमला करने वाले पुलिसकर्मियों पर हत्या के प्रयास (धारा 307) का मुकदमा दर्ज करने, और छात्रावास तथा नागरिकों के साथ बर्बरता करने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग शामिल है।इस घटना ने व्यापक आक्रोश पैदा कर दिया है, और करणी सेना परिवार ने मुख्यमंत्री से पूरे प्रकरण की न्यायिक जांच और दोषी पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन सौंपते समय बड़ी संख्या में करणी सेना के कार्यकर्ता मौजूद थे।