मनासा। मध्य प्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड, मनासा द्वारा आमजन को सौर ऊर्जा के प्रति जागरूक करने की एक अनूठी पहल शुरू की गई है। कंपनी के अधिकारी एवं कर्मचारी घर-घर पहुंचकर "अपनी छत–अपनी बिजली" का संदेश देते हुए लोगों को सोलर पैनल लगाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।
इस अभियान के अंतर्गत नागरिकों को समझाया जा रहा है कि सोलर पैनल लगाने से बिजली बिल में 80% तक की बचत संभव है, साथ ही घरेलू कनेक्शनों पर सरकार की ओर से सब्सिडी का लाभ भी उपलब्ध है। इससे न केवल आर्थिक बचत होती है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी अहम योगदान मिलता है। सोलर पैनल एक बार लगाने पर अगले 25 वर्षों तक बिजली बिलों से मुक्ति मिल सकती है।
प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत, अपनी छत पर सोलर पैनल लगाने के लिए राष्ट्रीयकृत बैंकों द्वारा आसान किश्तों में ऋण सुविधा भी तुरंत उपलब्ध कराई जा रही है।
इस योजना का लाभ केवल घरों तक सीमित नहीं है। कृषि, सोलर पंप, स्ट्रीट लाइट आदि उपयोगों के लिए भी सोलर पैनल की सुविधा ली जा सकती है। विद्युत विभाग के अधिकारी अब शहर के व्यावसायिक प्रतिष्ठानों तक पहुंचकर भी योजना की विस्तृत जानकारी दे रहे हैं ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग इससे लाभान्वित हो सकें।
यह पहल न केवल ऊर्जा बचत को बढ़ावा दे रही है, बल्कि लोगों को आत्मनिर्भर और पर्यावरण-अनुकूल जीवनशैली अपनाने की दिशा में भी प्रेरित कर रही है।