मंदसौर। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी द्वारा बताया गया कि प्रधानमंत्री एक्सीलेंस कॉलेज मंदसौर में उमंग हेल्थ एंड वेलनेस कार्यक्रम के अंतर्गत मानसिक स्वास्थ्य एवं स्क्रीनिंग हेतु नि:शुल्क शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत में जिला आरबीएसके कोऑर्डिनेटर सुरेश मुवेल द्वारा "उमंग" कार्यक्रम की भूमिका, उद्देश्य एवं इसके अंतर्गत संचालित उमंग क्लीनिक और परामर्श सेवाओं की जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि किस प्रकार से यह पहल मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं को युवाओं तक पहुँचाने में सहायक सिद्ध हो रही है।
सुदंरलाल पटवा शासकीय मेडिकल कॉलेज, मंदसौर के मानसिक रोग विशेषज्ञ एवं असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. निशांत पटेल ने छात्रों और शिक्षकों को अवसाद (डिप्रेशन), चिंता विकार (एंजायटी) और 'बाइपोलर डिसऑर्डर जैसे प्रमुख मानसिक रोगों के लक्षण, कारण और बचाव के उपायों के बारे में जानकारी दी। साथ ही उन्होंने जिला चिकित्सालय स्थित "मनकक्ष" में उपलब्ध निःशुल्क परामर्श और उपचार सेवाओं की भी जानकारी दी।
उमंग काउंसलर आदि हुसैन ने उमंग हेल्पलाइन, टेली-मानस (24x7) सेवा और "मनहित ऐप" के बारे में बताया गया। उन्होंने उपस्थित सभी प्रतिभागियों को ऐप डाउनलोड करने और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी सहायता लेने के लिए प्रेरित किया।
कॉलेज के प्राचार्य डॉ. जे एस दुबे द्वारा बताया कि किस प्रकार मानसिक रोग कभी-कभी व्यक्ति को इस हद तक प्रभावित करते हैं कि वह स्वयं पर नियंत्रण खो बैठता है। उन्होंने नेशनल हेल्थ मिशन का आभार व्यक्त किया, जिसकी सहायता से यह कार्यक्रम विद्यार्थियों तक पहुँच सका और उन्हें विशेषज्ञों से खुलकर चर्चा करने का अवसर मिला। कार्यक्रम में मनकक्ष टीम डॉ रिषिकेश्वर त्रिवेदी क्लिनिकल साइकोलॉजिस्ट और प्रशिक्षित नर्सिंग ऑफिसर चैन कुंवर चौहान और 90 प्रतिभागियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन महाविद्यालय के राजू कुमार उमंग हैल्थ एण्ड वेलनेस नोडल अधिकारी द्वारा किया गया।