जावरा। गुना जिले से स्थानांतरित होकर आए नवागत नगर पुलिस अधीक्षक सीएसपी युवराज सिंह चौहान ने शनिवार सुबह जावरा में पदभार ग्रहण कर लिया है। उन्होंने स्थानीय सीएसपी कार्यालय पहुंचकर अपना कार्यभार संभाला और उसके तुरंत बाद सिटी थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह जादौन एवं आईए थाना प्रभारी विक्रम सिंह चौहान से दोनों थाना क्षेत्रों की स्थिति की विस्तृत जानकारी ली। सीएसपी चौहान ने दोनों अधिकारियों से क्षेत्र के क्राइम पैटर्न, कानून व्यवस्था और संवेदनशील क्षेत्रों को लेकर चर्चा की। थाना प्रभारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर चौहान का स्वागत किया। इससे पहले यहां सीएसपी के पद पर दुर्गेश आर्माे पदस्थ थे, जिनका हाल ही में बैतूल स्थानांतरण हो गया है। वे दो दिन पहले कार्यमुक्त हो चुके हैं। सीएसपी युवराज सिंह चौहान का पुलिस विभाग में लंबा अनुभव रहा है। वर्ष 1991 में वे ढोढर पुलिस चौकी प्रभारी रहे थे, इसके बाद कालूखेड़ा थाने के इंचार्ज के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। कार्यभार संभालने के बाद चौहान ने पत्रकारों से भी चर्चा कर अपनी प्राथमिकताओं और कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने की प्रतिबद्धता जाहिर की।