इंदौर। रविवार को नगर निगम के सभी जोन कार्यालयों में ट्रैफिक शक्ति निशुल्क लर्निंग लाइसेंस शिविर आयोजित किया गया। यह शिविर महापौर पुष्यमित्र भार्गव के निर्देशन में इंदौर नगर निगम, परिवहन विभाग और ट्रैफिक पुलिस विभाग के संयुक्त तत्वावधान में लगाया गया। शिविर में बड़ी संख्या में महिलाएं और युवतियां शामिल हुईं।
हर जोन पर बड़ी संख्या में महिलाएं और युवतियां लर्निंग लाइसेंस बनवाने के लिए पहुंचीं। यह शिविर रविवार दोपहर 2 बजे तक आयोजित किया जाएगा, जिसमें आरटीओ, ट्रैफिक मित्र और नगर निगम की टीम मौजूद रही।
इस मौके पर महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि महिलाओं को ड्राइविंग लाइसेंस की प्रक्रिया से परिचित कराना, उन्हें आत्मनिर्भर बनाना और ट्रैफिक व्यवस्था में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना इस अभियान का उद्देश्य है।
उन्होंने कहा, हम सभी ने मिलकर अपने-अपने जोन में, विशेषकर महिला शक्ति को ध्यान में रखते हुए, निशुल्क लर्निंग लाइसेंस शिविर आयोजित किया है। हर जोन पर यह शिविर चल रहा है और बड़ी संख्या में महिलाएं इसमें पहुंच रही हैं।
महापौर ने यह भी कहा कि यह देखकर खुशी होती है कि हमारी कई बहनें गाड़ी चलाती हैं, लेकिन अब तक उनके पास लाइसेंस नहीं था। आज उन्हें अवसर मिला, तो वे खुद आगे आकर अपना लर्निंग लाइसेंस बनवा रही हैं।
उन्होंने आगे कहा कि जल्द ही सभी महिलाएं नियमानुसार स्थायी (परमानेंट) ड्राइविंग लाइसेंस भी प्राप्त करेंगी और इंदौर को ट्रैफिक व्यवस्था में भी नंबर वन बनाने में योगदान देंगी।