बैतूल। पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती के नौकरशाही में सुचिता की कमी वाले बयान का भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने समर्थन किया है। बैतूल में रविवार को 6 करोड़ 40 लाख रुपए के भवन के लोकार्पण के बाद खंडेलवाल ने उमा भारती के राजनीति में तो सुचिता आ चुकी है, लेकिन अफसरशाही में अभी भी इसकी कमी है। बयान का समर्थन किया।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि चाहे संगठन हो या शासन, सभी में पारदर्शिता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आम जनता के प्रति सभी का सम्मानजनक रवैया होना चाहिए। खंडेलवाल ने यह भी बताया कि वे उमा भारती से उनके बयान के संदर्भ में चर्चा करेंगे।
संघ प्रमुख को लेकर बोले- मैं प्रदेश का नेता हूं, राष्ट्रीय नेता नहीं
संघ प्रमुख मोहन भागवत के 75 साल की आयु में राजनीति संबंधी बयान पर टिप्पणी से बचते हुए खंडेलवाल ने कहा, मैं प्रदेश का नेता हूं, राष्ट्रीय नेता नहीं। यह पूरे देश का मामला है और इस पर क्या बोलना है, यह राष्ट्रीय नेतृत्व तय करेगा।
कमलनाथ सरकार की ट्रांसफर-पोस्टिंग याद करे पटवारी
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी द्वारा लगाए गए भ्रष्टाचार के आरोपों पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए खंडेलवाल ने कहा कि पटवारी को कमलनाथ सरकार के कार्यकाल में ट्रांसफर-पोस्टिंग की स्थिति याद करनी चाहिए।
उन्होंने कहा-
वे यह नहीं बताते कि जनता ने उन्हें सत्ता से दूर क्यों किया। हमारी सरकार में कोई कमी नहीं है। कांग्रेस का काम है आरोप लगाना। सत्ता से दूर होने का उनका दुख समझ सकता हूं। वर्तमान सरकार प्रशासनिक पारदर्शिता के लिए प्रतिबद्ध है और इस दिशा में लगातार काम कर रही है।