नीमच। ग्राम केरी में हुई फायरिंग की घटना में फरार चल रहे 10 हजार रुपये के इनामी आरोपी को सायबर सेल नीमच एवं जीरन पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवलसिंह सिसोदिया, सीएसपी किरण चौहान के मार्गदर्शन में गठित टीम ने यह सफलता हासिल की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 3 जुलाई 2025 की रात ग्राम केरी में पुरानी रंजिश के चलते सुनील मीणा, ओमप्रकाश उर्फ गुड्डा, घनश्याम उर्फ भुरा और उनके साथियों द्वारा फरियादी दशरथ सिंह पर फायरिंग की गई थी। हमले में आरोपी घर में घुसकर जानलेवा हमला कर रहे थे। इस मामले में जीरन थाने में अपराध क्रमांक 198/25 धारा 109, 333, 324(4), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए तीनों आरोपियों पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
गिरफ्तारी का विवरण-
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने ग्राम सज्जनपुरा में दबिश देकर आरोपी घनश्याम उर्फ भुरा मीणा (23 वर्ष) निवासी ग्राम गमेरपुरा को गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से 32 बोर की देशी पिस्टल व 3 जिंदा कारतूस भी जब्त किए गए।
आपराधिक रिकार्ड-
घनश्याम मीणा के खिलाफ पहले से एनडीपीएस और आर्म्स एक्ट सहित कई संगीन धाराओं में प्रकरण दर्ज हैं, जिनमें वह फरार चल रहा था।
टीम का योगदान-
इस कार्रवाई में उनि. गजेंद्र सिंह चौहान, सउनि. कप्तान सिंह, प्रआर. प्रदीप शिंदे, सौरभ सिंह, आदित्य गौड़, आर. कुलदीप सिंह, लखन प्रताप सिंह और चालक बाबूलाल माली का महत्वपूर्ण योगदान रहा।