मंदसौर। वन विभाग ने रविवार शाम भानपुरा में मॉनिटर लिजार्ड (गोह) के अंगों की तस्करी के मामले में तीन तस्करों को गिरफ्तार किया। मुखबिर की सूचना पर एक कर्मचारी को फर्जी ग्राहक बनाकर कार्रवाई की गई, जिसमें 42 जोड़ी हत्था, एक चाकू और नकदी बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपियों में विजय (तोरनिया, नाहरगढ़), समरथनाथ (हनुमंतीया, नीमच) और करण उर्फ धर्मा हरिजन (कुकड़ेश्वर, नीमच) शामिल हैं। जिला वन अधिकारी संजय रायखेरे ने बताया कि मॉनिटर लिजार्ड भारतीय वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 की अनुसूची-1 एवं CITES परिशिष्ट-1 में शामिल संरक्षित जीव है, जिसके शारीरिक अंगों का आयात-निर्यात प्रतिबंधित है। आरोपियों पर मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई जारी है।