शाजापुर। ग्राम कडुवाला में सावन के दूसरे सोमवार को शिव भक्तों द्वारा कावड़ यात्रा का भव्य आयोजन किया गया। सुबह से ही पूरा गांव शिव भक्ति में रंगा हुआ नजर आया। पुरुष, महिलाएं और बच्चेकृंसस पारंपरिक वेशभूषा में कावड़ लेकर ‘बोल बम’ के जयकारे लगाते हुए निकले। हर चेहरे पर उत्साह और भक्ति की झलक साफ नजर आ रही थी।
यह यात्रा गाँव के मुख्य चौराहे से शुरू होकर, पूरे गाँव में घूमते हुए शिव मंदिर तक पहुँची। रास्ते में कई स्थानों पर ग्रामवासियों ने कावड़ियों के लिए शरबत, फल और पानी की व्यवस्था की थी। युवा टोली ने डीजे पर शिव भजनों की धुन पर नृत्य किया, जिससे माहौल और भक्तिमय हो गया।
शिव मंदिर पहुँच कर सभी भक्तों ने भोलेनाथ का अभिषेक किया और जल अर्पित किया। गाँव के सरपंच ने भी इस अवसर पर कहा कि इस धार्मिक आयोजन से ना सिर्फ भक्ति भाव बढ़ता है, बल्कि सामाजिक एकता भी मजबूत होती है। उन्होंने यह भी बताया कि ग्रामवासी पूरी लगन और श्रृद्धा के साथ हर वर्ष इस आयोजन को सफल बनाते हैं।
कार्यक्रम के अंत में प्रसादी का वितरण किया गया, जिसमें हर वर्ग के ग्रामीणों ने मिलकर प्रसाद ग्रहण किया। इस आयोजन ने पूरे गाँव को भक्तिमय बना दिया और सभी ने शिव भक्ति में डूबकर पूरे दिन को यादगार बना दिया।