छतरपुर। जिला के बक्सवाहा क्षेत्र में लगातार हो रही मंदिरों में चोरी और गांव-गांव खुलेआम बिक रही अवैध शराब के विरोध में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। लोगों का कहना है कि मंदिरों की दानपेटियों और मूर्तियों की चोरी अब आम हो गई है, लेकिन पुलिस हर बार जांच का हवाला देकर मामलों को टाल देती है। वहीं अवैध शराब की बिक्री से युवा पीढ़ी नशे की गिरफ्त में जा रही है।
जनता ने प्रशासन के सामने दो मुख्य मांगें रखीं- धार्मिक स्थलों की चोरी का खुलासा और अवैध शराब पर सख्त कार्रवाई। आक्रोशित लोगों ने चेतावनी दी कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू करेंगे।
तहसीलदार भरत मिलन पाण्डेय सहित पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों से बातचीत की और 12 दिन का समय मांगते हुए उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया। जनता ने फिलहाल आंदोलन स्थगित किया है।