नीमच। मप्र सफाई मजदूर विकास महासंघ की नीमच जिला शाखा ने मुख्यमंत्री मोहन यादव को पत्र लिखकर नीमच नगर पालिका में सफाई कर्मचारियों की भारी कमी को उजागर किया है। इस बारे में आज जनसुनवाई में एक आवेदन पत्र दिया गया। महासंघ के अनुसार मात्र 500 सफाई कर्मचारी होने के कारण नीमच में स्वच्छता अभियान बुरी तरह प्रभावित है और शहर की सफाई व्यवस्था चरमरा गई है।
पत्र में कहा गया है कि प्रत्येक सफाई कर्मचारी को 4000 वर्ग मीटर क्षेत्र की सफाई करनी पड़ती है, जबकि नियम 1968 के अनुसार यह क्षेत्र 600 वर्ग मीटर होना चाहिए। इससे कर्मचारियों पर अत्यधिक बोझ पड़ रहा है। महासंघ ने मुख्यमंत्री से नीमच के बेरोजगार सफाई वर्ग समाज के गरीब परिवारों का सर्वे करवाकर उन्हें रोजगार दिलवाने की मांग की है। उन्होंने राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग को भी इस संबंध में सूचित किया है।