नीमच। बच्चे स्वस्थ होंगे तो समाज भी स्वस्थ होगा। यह बात विधायक दिलीप सिंह परिहार ने दस्तक अभियान के जिला स्तरीय शुभारंभ कार्यक्रम में कही। उन्होंने कहा कि राज्य शासन बच्चों की सेहत सुधारने और शिशु मृत्यु दर को कम करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। इसी दिशा में दस्तक अभियान की शुरुआत की गई है।
विधायक परिहार ने बच्चों को विटामिन ए की खुराक पिलाई और ओआरएस पैकेट वितरित किए। उन्होंने कहा कि ये बच्चे ही भविष्य में स्वस्थ भारत का निर्माण करेंगे, इसलिए बच्चों का स्वास्थ्य सर्वाेपरि है। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि संतोष चोपड़ा ने भी मार्गदर्शन दिया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.के. खद्योत ने बताया कि यह अभियान 22 जुलाई से 14 सितंबर तक चलेगा, जिसमें करीब 80,000 बच्चों की जांच की जाएगी।
अभियान के अंतर्गत विटामिन ए का अनुपूरण, निमोनिया व दस्त का प्रबंधन, हिमोग्लोबिन जांच, ओआरएस का वितरण और निर्माण विधि का प्रदर्शन, एसएनसीयू से डिस्चार्ज बच्चों का फॉलोअप, छूटे हुए बच्चों का टीकाकरण, कुपोषण की जांच और ज़रूरत पड़ने पर पोषण पुनर्वास केंद्र में रेफरल सहित निम्न सेवाएं दी जाएंगी। डॉ. खद्योत ने बताया कि यह कार्य एएनएम, आशा और आंगनवाड़ी कार्यकर्ता मिलकर करेंगे। अभियान के तहत बच्चों की नियमित निगरानी और ज़रूरत अनुसार उपचार सुनिश्चित किया जाएगा।
कार्यक्रम का संचालन डीसीएम चंद्रपाल सिंह राठौर ने किया, जबकि आभार जिला कार्यक्रम अधिकारी अंकिता पंड्या ने व्यक्त किया। इस अवसर पर पार्षद दारासिंह, विष्णु राठौर, मोहनसिंह राणावत, देवीलाल वर्मा सहित बड़ी संख्या में स्वास्थ्यकर्मी, आशा, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और हितग्राही उपस्थित रहे।