नीमच। शहर में अब न्याय की राह आसान करने की दिशा में खास कोशिश की गई है। जिला न्यायालय परिसर में नया फ्रंट ऑफिस खोला गया है। आज नीमच के नवीन जिला न्यायालय परिसर में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश वीरेंद्र सिंह राजपूत ने विधिक सहायता को अधिक सुलभ बनाने के उद्देश्य से फ्रंट ऑफिस का विधिवत शुभारंभ किया। यह नया कार्यालय उन लोगों की मदद करेगा जिन्हें कानूनी जानकारी या सहायता की ज़रूरत है, खासकर कमजोर और वंचित वर्गों को। यहां मुकदमे से जुड़ी जानकारी, मध्यस्थता, लोक अदालतें, निःशुल्क विधिक सहायता, लीगल एड डिफेंस काउंसिल और पीड़ित प्रतिकर योजना जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं के बारे में सरल भाषा में मार्गदर्शन दिया जाएगा।
वीरेंद्र सिंह राजपूत ने बताया कि यह पहल राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नालसा के सभी के लिए न्याय तक पहुंच के दृष्टिकोण को साकार करती है। फ्रंट ऑफिस में लीगल एड डिफेंस काउंसिल के वकील और पैरा लीगल वॉलंटियर्स मौजूद रहेंगे, जो ज़रूरतमंदों को प्रारंभिक कानूनी सलाह और सहायता प्रक्रिया समझाएंगे।इस उद्घाटन समारोह में नीमच जिला न्यायालय के सभी न्यायिक अधिकारी, लीगल एड डिफेंस काउंसिल के सदस्य और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। जैसा कि शोभन मीणा ने कहा कि यह नया फ्रंट ऑफिस नीमच में न्याय तक पहुंच को यकीनन और बेहतर बनाएगा।