अलीराजपुर। मध्य प्रदेश के अलीराजपुर में झोलाछाप डॉक्टर के यहां प्रशासन ने छापामार कार्रवाई की है। रेड की पड़ने की भनक लगते ही मरीजों को अंदर बंद कर छत के रास्ते डॉक्टर फरार हो गया। प्रशासन ने ताला काटकर अंदर फंसे मरीजों को निकाला बाहर।
मामला अलीराजपुर के चंद्रशेखर आजाद नगर के दाहोद रोड स्थित क्लिनिक का है। जानकारी के मुताबिक, पंकज चौहान नाम का व्यक्ति बिना किसी डिग्री के क्लीनिक चला रहा था। जांच के दौरान अधिकारियों ने क्लीनिक से एलोपैथिक दवाइयां और सिरिंज भी जब्त की है। चौंकाने वाली बात यह है कि यहां आईवी सेट रस्सी पर धुले हुए सूखते पाए गए। जिससे अंदेशा लगाया जा रहा है कि मरीजों की जान जोखिम में डालकर एक ही सेट का बार-बार उपयोग कर रहा था।
बता दें कि पिछले दिनों नानपुर में एक झोलाछाप डॉक्टर ने युवक को गलत इंजेक्शन देने से हुई मौत के बाद जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है। लगातार अवैध क्लीनिकों की जांच कर छापामार कार्रवाई की जा रही है।