नीमच। शहर में लोकल यूथ महासंघ मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और केंद्रीय कृषि मंत्री को एक पत्र लिखकर डिजिटल क्रॉप सर्वे करने वाले लोकल यूथ सर्वेयर को नियमित रोजगार और मासिक मानदेय देने की मांग की है। महासंघ ने कलेक्टर नीमच के माध्यम से एक ज्ञापन सौंपा है। महासंघ के अनुसार जुलाई 2024 में एमपी भू अभिलेख पोर्टल के माध्यम से इन सर्वेयर की नियुक्ति डिजिटल क्रॉप सर्वे खरीफ, रबी, जायद के लिए हुई थी। लोकल यूथ सर्वेयर ने खरीफ 2024, रबी 2025, जायद 2025, फॉर्मर आईडी, और आरओआर केवाईसी जैसे सभी कार्यों को विपरीत परिस्थितियों के बावजूद समय पर और ईमानदारी से पूरा किया है। महासंघ की मुख्य मांग है कि लोकल यूथ को नियमित रोजगार और मासिक मानदेय मिले। प्रत्येक लोकल यूथ को नियुक्ति पत्र जारी किया जाए।लोकल यूथ को राजस्व सहायक का दर्जा दिया जाए। डिजिटल क्रॉप सर्वे के प्रत्येक मौसम में नई नियुक्तियों के आदेश जारी करने की प्रथा समाप्त हो, और लोकल यूथ को बिना किसी ठोस कारण या नोटिस के न हटाया जाए।
लोकल यूथ महासंघ ने बताया कि रोजगार की अनिश्चितता के कारण वे मानसिक और आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं और केवल प्रोत्साहन राशि पर अपने परिवार का भरण-पोषण करना असंभव है। उन्होंने सरकार से मानवीय मांगों पर न्यायसंगत विचार करने का आग्रह किया है।