छतरपुर। नौगांव तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत नयागांव से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। पंचायत के सरपंच मुन्नी लाल अनुरागी ने रोजगार सहायक बाबूलाल अहिरवार पर ₹85,050 (पचासी हजार पचास रुपये) की मजदूरी राशि गबन करने का गंभीर आरोप लगाया है। अब इस मामले में एसडीएम ने सीईओ को जांच के आदेश दे दिए हैं।
जानकारी के अनुसार ग्राम बीरपुरा में दिसंबर से फरवरी माह के बीच सीसी रोड निर्माण का कार्य हुआ था। सरपंच का आरोप है कि इस निर्माण कार्य के दौरान मजदूरों की मजदूरी की राशि रोजगार सहायक ने बैंक खाते से निकाल ली, लेकिन मजदूरों को भुगतान नहीं किया गया।
सरपंच मुन्नी लाल अनुरागी ने बताया कि मजदूरों का दबाव और गांव में बदनामी के डर से उन्होंने स्वयं कर्ज लेकर मजदूरों को ₹85,050 का भुगतान किया, लेकिन अब रोजगार सहायक लगातार टालमटोल कर रहा है और राशि लौटाने से इनकार कर रहा है।
सरपंच ने छतरपुर कलेक्टर को इस पूरे मामले की शिकायत सौंपी, जिसके बाद एसडीएम ने तत्काल जांच के लिए सीईओ जनपद पंचायत नौगांव को आदेशित कर दिया है। मामले की जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
सरपंच ने कहा ₹85,050 की मजदूरी राशि रोजगार सहायक से वापस दिलाई जाए। आरोपी बाबूलाल अहिरवार के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए।भविष्य में ऐसी गड़बड़ियों से बचने के लिए कड़ी निगरानी रखी जाए।