मुरैना। जिले में स्वास्थ्य सेवाओं के नाम पर हो रही लापरवाही और नियमों की अनदेखी को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। इसी क्रम में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कैलारस कस्बे के पहाड़गढ़ रोड स्थित सिसोदिया प्राइवेट क्लिनिक पर बड़ी कार्रवाई की है।
बताया जा रहा है कि यह क्लिनिक बिना अनुमति और मान्यता के वर्षों से संचालित हो रहा था। मौके पर टीम को अवैध रूप से अल्ट्रासाउंड मशीन के जरिए परीक्षण किए जाने के प्रमाण मिले हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अल्ट्रासाउंड मशीन और उससे जुड़ी सामग्री को जब्त कर लिया है।
इसके अलावा, क्लिनिक से गर्भपात में उपयोग की जाने वाली कई प्रतिबंधित दवाएं भी बरामद हुई हैं। इस बात से संदेह और भी गहरा गया है कि यहां अवैध गर्भपात जैसी गंभीर गतिविधियां भी संचालित की जा रही थीं।
स्वास्थ्य विभाग की यह कार्रवाई फिलहाल जारी है और क्लिनिक से दस्तावेजों की जांच भी की जा रही है। विभागीय सूत्रों के अनुसार, जल्द ही क्लीनिक संचालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन की अपील आमजन से अपील की गई है कि बिना पंजीकरण और लाइसेंस के चल रहे नर्सिंग होम/क्लीनिकों की जानकारी स्वास्थ्य विभाग या स्थानीय प्रशासन को अवश्य दें, जिससे इस तरह की अनियमितताओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।