चित्तौड़गढ़। राज्य सरकार एवं पुलिस मुख्यालय की प्राथमिकताओं की अनुपालना के साथ स्थानीय परिस्थितियों के मध्य नजर बेहतर कानून व्यवस्था और आमजन में विश्वास व सुरक्षा की भावना पहली प्राथमिकता रहेगी। यह बात नवनियुक्त जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने मंगलवार दोपहर को पदभार ग्रहण करते हुए कही।
नवनियुक्त जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने दोपहर लगभग तीन बजें पदभार ग्रहण किया। इससे पूर्व कार्यालय पहुंचने पर गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। उन्होंने कहा कि पुलिस को भी आमजन के सहयोग की अपेक्षा रहेगी ताकि कानून व्यवस्था को कायम रखने के लिए अच्छा से अच्छा कार्य किया जा सके।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय सरिता सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुकेश सांखला, उप अधीक्षक मुख्यालय विनय चौधरी, उप अधीक्षक ग्रामीण शिवलाल टेलर सहित थानाधिकारियों द्वारा उनकी अगवानी की गई। इस मौके पर अनौपचारिक वार्ता के दौरान नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक त्रिपाठी ने कहा कि टीम वर्क तथा अच्छे व्यवहार से जटिल से जटिल कार्य भी आसानी से संपादित किया जा सकता है। उन्होने कहा कि यदि जरूरत महसूस की गई तो सिस्टम को इम्प्रूव करने की संभावनाओं को भी तलाशा जायेगा।